जामताड़ा
सरस्वती विद्या मंदिर, विद्यासागर में नए कार्यालय भवन का भूमिपूजन एवं स्मार्ट डिजिटल कक्षाओं का लोकार्पण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा : सरस्वती विद्या मंदिर, विद्यासागर में विद्यालय के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में नए कार्यालय भवन के भूमिपूजन एवं दो स्मार्ट डिजिटल कक्षाओं के उद्घाटन का भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक श्री रणधीर कुमार सिंह थे। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ नए कार्यालय भवन के भूमिपूजन मुख्य अतिथि श्री रणधीर कुमार सिंह प्रधानाचार्य विजय कुमार दांगी,विद्यालय के सचिव बलराम मंडल, सह सचिव चंद्रशेखर यादव, संरक्षक विजय वैद्य ने किया।
भूमिपूजन के उपरांत विद्यालय में स्थापित दो आधुनिक स्मार्ट डिजिटल कक्षाओं का उद्घाटन मुख्य अतिथि ने फीता काटकर किया। डिजिटल कक्षाओं का अवलोकन करते हुए उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना की और कहा कि बदलते समय में तकनीक आधारित शिक्षा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, रोचक एवं व्यवहारिक शिक्षा प्रदान करने का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास के माध्यम से विद्यार्थियों की जिज्ञासा, रचनात्मकता तथा विषयों की समझ और अधिक विकसित होगी तथा वे राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकेंगे।
अपने संबोधन में श्री रणधीर कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, संस्कार, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त आधार है। उन्होंने कहा कि सरस्वती विद्या मंदिर जैसे विद्यालय आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्रभक्ति का भी समन्वय कर विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से तकनीक का सदुपयोग करते हुए अध्ययन के साथ-साथ अपने व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। रणधीर कुमार सिंह ने अपने पेंशन मद से बच्चों को खेल सामग्री के लिए 50000 का अनुदान एवं विद्यालय नवीन कार्यालय निर्माण में सहयोग करने का आश्वासन दिये।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय कुमार दांगी ने विद्यालय के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। नए कार्यालय भवन के निर्माण से विद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक सुव्यवस्थित होगी, जबकि स्मार्ट डिजिटल कक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण पद्धति का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि सहित सभी विशिष्ट अतिथियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ, प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, उल्लास एवं शैक्षिक प्रगति के संकल्प से ओत-प्रोत रहा।



