कैराना

एक लाख का इनामी गैंग लीडर फुरकान पुलिस मुठभेड़ में ढेर, कार्बाइन-पिस्टल बरामद

पुलिस पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ बदमाश; उपचार के दौरान मौत, एक हेड कांस्टेबल घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। शामली पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये के अंतरराज्यीय इनामी, गैंग लीडर, हिस्ट्रीशीटर और सजायाफ्ता अपराधी फुरकान को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार, फुरकान ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसे सीएचसी ऊन ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देशन में लूट, डकैती और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना झिंझाना, थाना बाबरी और स्वाट टीम को सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी फुरकान अपने एक साथी के साथ झिंझाना क्षेत्र के गांव रंगाना के पास एक पोल्ट्री फार्म पर ठहरा हुआ है और किसी बड़ी वारदात की फिराक में है। सूचना के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी।पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर फुरकान और उसके साथी ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में फुरकान गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी गन्ने के खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की कांबिंग जारी है। मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम के हेड कांस्टेबल हरविंदर गोली लगने से घायल हो गए, जिनका उपचार सीएचसी ऊन में चल रहा है। वहीं प्रभारी निरीक्षक झिंझाना विरेन्द्र कसाना, थाना बाबरी प्रभारी कुलदीप सिंह और स्वाट टीम प्रभारी राहुल सिसोदिया पर भी गोलियां चलीं, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण तीनों अधिकारी सुरक्षित बच गए। पुलिस के अनुसार तीनों अधिकारियों की जैकेट पर गोलियों के निशान मिले हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button