
रांची । जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी छात्र आंदोलन के 13वें दिन आंदोलनकारी छात्रों ने मुख्यमंत्री से वार्ता के लिए अपना आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल घोषित कर दिया।
जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी छात्र आंदोलन गुरुवार को 13वें दिन भी जारी रहा। इस बीच आंदोलनकारी छात्रों ने राज्य सरकार के साथ प्रस्तावित वार्ता के लिए अपना आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल घोषित कर दिया है। यह प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री आवास में होने वाली बैठक में छात्रों की ओर से भर्ती परीक्षाओं से जुड़े सभी मुद्दे और मांगें सरकार के सामने रखेगा।
जेपीएससी और जेएसएससी रिफार्म मंच ने स्पष्ट किया है कि वार्ता के दौरान आंदोलन से जुड़े सभी मुद्दों, तथ्यों और मांगों को केवल छात्र प्रतिनिधि ही सरकार के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में शामिल पत्रकार और कानूनविद केवल अभिभावक एवं मार्गदर्शक की भूमिका निभाएंगे तथा आवश्यक सलाह देंगे।
ये छात्र करेंगे सरकार से बातचीत
जारी सूची के अनुसार छात्र प्रतिनिधिमंडल में रविन्द्र पासवान, पीयूष कुमार सिंह, रविन्द्र कुमार रवि, राजेश प्रसाद, नीतू कुजूर, कार्तिक सोरेन, संदीप कुमार और शालू सिंह को शामिल किया गया है। ये सभी आंदोलनरत अभ्यर्थियों की ओर से भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और अन्य मांगों को विस्तार से सरकार के सामने रखेंगे।
पत्रकार और कानूनविद निभाएंगे मार्गदर्शक की भूमिका
प्रतिनिधिमंडल में दो वरिष्ठ पत्रकार शंभूनाथ चौधरी और विकास वर्मा को भी शामिल किया गया है। दोनों बैठक में अभिभावक एवं मार्गदर्शक की भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा वरिष्ठ कानूनविद अजीत कुमार भी बैठक में मौजूद रहेंगे। वे वार्ता के दौरान कानूनी पहलुओं पर आवश्यक मार्गदर्शन देंगे।
स्थायी समाधान चाहता है मंच
खढरउ-खररउ रिफार्म मंच का कहना है कि इस वार्ता का उद्देश्य केवल आंदोलन समाप्त करना नहीं है, बल्कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना, कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराना और अभ्यर्थियों की मांगों का स्थायी समाधान निकालना है। मंच ने उम्मीद जताई है कि राज्य सरकार छात्रों की बात गंभीरता से सुनेगी और सकारात्मक निर्णय लेकर भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विवादों का समाधान करेगी।
13वें दिन भी जारी रहा छात्र आंदोलन
उल्लेखनीय है कि रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले 13 दिनों से छात्र लगातार धरने पर बैठे हैं। सरकार की ओर से वार्ता की पहल के बाद अब सभी की निगाहें मुख्यमंत्री आवास में होने वाली इस अहम बैठक पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक के नतीजे छात्र आंदोलन की आगे की दिशा तय कर सकते हैं।



