देर रात कांवड़ शिविरों में पहुंचे एसपी, कांवड़ियों से पूछा हालचाल
कैराना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था परखी, पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। श्रावण कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार कांवड़ मार्गों और शिविरों की निगरानी कर रहा है। पुलिस अधीक्षक शामली नरेन्द्र प्रताप सिंह ने देर रात कैराना थाना क्षेत्र में लगाए गए कांवड़ शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविरों में ठहरे शिवभक्त कांवड़ियों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।एसपी ने कांवड़ियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि शामली पुलिस शिवभक्तों की सेवा, सुरक्षा और सहयोग के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कांवड़ मार्ग पर ड्यूटी कर रहे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र और संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसपी ने कांवड़ मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन, पुलिस पिकेट, सुरक्षा प्रबंध और सीसीटीवी निगरानी की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग और शिविरों पर लगातार नजर रखी जाए। किसी भी तरह की सूचना या समस्या मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करे। एसपी नरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करें और शिवभक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न होने दें। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को लगातार सुचारु रखने और कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। श्रावण कांवड़ यात्रा को लेकर शामली पुलिस ने पूरे जनपद में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। कांवड़ मार्गों पर पुलिस बल तैनात करने के साथ ही पिकेट, सीसीटीवी और अन्य माध्यमों से लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि शिवभक्तों की यात्रा सुरक्षित, शांतिपूर्ण और निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।

