
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
बिजनौर,मंडावली। कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मुरादाबाद परिक्षेत्र के डीआईजी मुनिराज ने बिजनौर पहुंचकर कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने प्रमुख कांवड़ मार्गों की व्यवस्थाएं देखीं तथा पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, पुलिस बल को मुस्तैद रखने तथा किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने को कहा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने कांवड़ियों के आवागमन वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए। डीआईजी के निरीक्षण के बाद पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियों की समीक्षा की।


