दिनदहाड़े सड़क किनारे महिला की गर्दन कटी लाश मिलने से सनसनी।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
बिजनौर। कोतवाली शहर क्षेत्र में नूरपुर रोड पर दिनदहाड़े सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का खून से सना शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला की गर्दन कटी होने की सूचना से मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
बताया गया कि महिला का शव सड़क किनारे ठेले पर पड़ा मिला। आसपास मौजूद लोगों ने शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई।
फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में महिला के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही उसकी शिनाख्त के प्रयास में लगी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और महिला की पहचान होने के बाद घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।


