खाद्य प्रसंस्करण की लघु इकाई से स्वरोजगार के अवसरों की दी जानकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। राजकीय फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र शामली की ओर से उत्तर प्रदेश खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-2023 के अंतर्गत मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के तहत गांव लाक में दो दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ ग्राम प्रधान गीता देवी ने फीता काटकर किया। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को लेखन सामग्री भी वितरित की।
खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षक लोकेश कुमार ने कृषि उत्पादों, खाद्यान्न, दलहन एवं तिलहन से विभिन्न प्रसंस्कृत उत्पाद तैयार करने की जानकारी दी। उन्होंने चिप्स, पापड़ और बड़ी आदि बनाने की विधि समझाई। पीएमएफएमई के डीआरपी बिजेंद्र गिरी ने बताया कि कम पूंजी निवेश के साथ योजना का लाभ लेकर खाद्य प्रसंस्करण की लघु इकाई स्थापित की जा सकती है। योजना के तहत परियोजना लागत का 35 प्रतिशत, अधिकतम 10 लाख रुपये तक अनुदान का प्रावधान है। प्रतिभागियों को मसालों को सुखाने, पीसने और पैकिंग करने की जानकारी भी दी गई।
खाद्य प्रसंस्करण विभाग के प्रभारी सुशील कुमार सिरोही ने स्वच्छता, खाद्य प्रसंस्करण की उपयोगिता एवं महत्व के साथ जैम, जेली, अचार, सॉस, स्क्वैश और नवरत्न चटनी आदि तैयार करने की जानकारी दी। समापन अवसर पर ग्राम प्रधान गीता देवी ने प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



