ललितपुर

पंचमी पर शारदा माता मंदिर में उमड़े श्रद्धालु, चुनरी चढ़ाकर की पूजा-अर्चना

झांकियों और पंडालों से निकली चुनरी यात्रा, कन्याओं की नृत्य प्रस्तुति ने मोहा मन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शारदीय नवरात्रि की पंचमी के पावन अवसर पर तालाबपुरा स्थित शारदा माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने माता रानी को चुनरी, श्रृंगार सामग्री, फल-फूल अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। माता रानी के जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा और वातावरण भक्तिमय बना रहा। नवरात्रि के अवसर पर नगर के विभिन्न झांकी स्थलों और पंडालों से श्रद्धालुओं ने धूमधाम से चुनरी यात्रा निकाली। भक्तजन भक्ति भाव के साथ चुनरी लेकर शारदा माता मंदिर पहुंचे और माता रानी को चुनरी अर्पित कर दर्शन-पूजन किया। श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में छोटी-छोटी कन्याओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे देखकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो गए। मंदिर में पूरे दिन धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। भक्ति गीतों और जयकारों से मंदिर परिसर नवरात्रि की उमंग में सराबोर नजर आया। शारदा माता मंदिर तालाबपुरा प्रबंधक डा.राजेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मंदिर का निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी नागरिकों से अपनी श्रद्धा एवं सामथ्र्य के अनुसार सहयोग राशि देकर निर्माण कार्य में योगदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इच्छुक श्रद्धालु मंदिर प्रबंधक से संपर्क कर सहयोग प्रदान कर सकते हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button