हजारीबाग

प्रमंडलीय आयुक्त ने किया सदर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण।

जनकल्याणकारी योजनाओं एवं राजस्व मामलों के समयबद्ध निष्पादन में तेजी लाने का दिया निर्देश।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग प्रमंडलीय आयुक्त, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग विजय कुमार गुप्ता ने सदर प्रखंड कार्यालय एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रखंड एवं अंचल स्तर पर संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं राजस्व कार्यों तथा लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यों में तेजी लाते हुए सभी मामलों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रखंड कार्यालय में योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा
प्रखंड कार्यालय के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मनरेगा, सहकारिता, कृषि, सूचना का अधिकार अधिनियम, पत्रों के रख-रखाव, उच्च न्यायालय में लंबित मामलों, केस बुक तथा कर्मचारियों के बीच आवंटित कार्यों की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान मनरेगा एवं सूचना का अधिकार अधिनियम से संबंधित कार्य असंतोस पाए जाने पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने तथा सभी कार्यों को नियमों के अनुरूप पारदर्शी एवं जवाबदेह तरीके से निष्पादित करने का निर्देश दिया। अधिकारियों द्वारा आयुक्त को अवगत कराया गया कि प्रभार एवं SIR-2026 से संबंधित कार्यों में व्यस्तता के कारण प्रखंड स्तर के कुछ कार्य प्रभावित हुए हैं। इस पर आयुक्त ने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करते हुए 15 दिनों के अंदर योजनाओं की लंबितता समाप्त करने का निर्देश दिया। आयुक्त ने उप विकास आयुक्त को अपने पर्यवेक्षण में प्रखंड कार्यालय द्वारा संचालित पेंशन, साइकिल वितरण एवं अन्य जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं की लंबितता को शीघ्र समाप्त कर व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
अंचल कार्यालय में राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों की समीक्षा
अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने राजस्व संग्रहण, जमाबंदी, म्यूटेशन, नीलाम पत्र वाद, आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण-पत्र, विधानसभा से संबंधित मामलों, भू-अर्जन, सरकारी भूमि पर अतिक्रमण सहित विभिन्न राजस्व एवं भूमि संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। वित्तीय वर्ष 2026-27 के निर्धारित राजस्व लक्ष्य की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने राजस्व संग्रहण में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने राजस्व से संबंधित मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं करने को कहा। जमाबंदी जमाबंदी रद्दीकरण एवं म्यूटेशन से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने लंबित मामलों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी मामलों में पारदर्शिता एवं अभिलेखों के समुचित रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसी प्रकार आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण-पत्र से संबंधित आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को प्रमाण-पत्र प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी न हो। सभी पात्र आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। नीलाम पत्र वादों की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया।उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
भू-अर्जन एवं मुआवजा भुगतान में तेजी लाने का निर्देश।
पाठ परियोजना के लिए शेष भूमि अधिग्रहण कार्य की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने लंबित भूमि अधिग्रहण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही लंबित मुआवजा भुगतान को कैंप मोड में निष्पादित करते हुए पात्र लाभुकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने भूमि संबंधी आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन तथा राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया। सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने एवं समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश। सरकारी भूमि पर अतिक्रमण से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को अतिक्रमण मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने अतिक्रमण प्रमाण-पत्र का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा में कार्यों का निष्पादन नहीं होने पर सेवा के अधिकार अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आम जनता से जुड़े मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य आम जनता को बेहतर एवं समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराना है। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें तथा लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करें।निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त प्रखंड विकास पदाधिकारी अंचलाधिकारी, अपर समाहर्ता डीएसएलआर सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button