SIR को लेकर महत्वपूर्ण बैठक, मतदाता सूची पुनरीक्षण पर हुई विस्तृत चर्चा
Important meeting regarding SIR; detailed discussion held on electoral roll revision.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सोमवार को सदर प्रखंड कार्यालय में CO सह सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी अरविंद कुमार बेदिया के साथ जिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण, मतदाताओं के नाम से संबंधित प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पाकुड़ जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष कुमार सरकार, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मांसारुल हक, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष शाहीन परवेज, पूर्व कोषाध्यक्ष असद हुसैन, रामविलास महतो, फरमान अली, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिलाल शेख एवं जिला सोशल मीडिया चेयरमैन पियारूल इस्लाम उपस्थित रहे। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन के समक्ष मांग रखी कि SIR प्रक्रिया के दौरान किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से वंचित न हो। साथ ही आम मतदाताओं को प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और नाम से संबंधित आपत्तियों अथवा सुधार की जानकारी एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन एवं राजनीतिक दलों के बीच समन्वय जरूरी है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भी प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर आम लोगों को SIR प्रक्रिया के प्रति जागरूक करेंगे और पात्र मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग करेंगे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस दौरान SIR से जुड़े विषयों पर आगे भी आवश्यक समन्वय बनाए रखने पर सहमति बनी।



