कानपुर
सनशाइन पब्लिक स्कूल ने तिरंगा यात्रा और प्रभातफेरी का आयोजन किया
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : कल्याणपुर स्थित सनशाइन पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ तिरंगा यात्रा और प्रभातफेरी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद देवेंद्र सिंह भोले, विद्यालय के प्रबंधक निर्मल तिवारी, प्रधानाचार्या पूजा गुप्ता सहित कक्षा छह से 12वीं तक के करीब 500 विद्यार्थी, शिक्षक शिक्षिकाएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में स्वतंत्रता सेनानियों की आकर्षक झांकियां और देशभक्ति गीतों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने उपयोगी एवं छायादार पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। बच्चों ने कहा कि देशभक्ति केवल तिरंगा लहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की धरती, प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा करना भी सच्ची राष्ट्रसेवा है। वहीं पीजी से कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में विभिन्न रचनात्मक एवं कलात्मक गतिविधियों में भाग लिया। पीजी से कक्षा दो तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगों के माध्यम से देशप्रेम, तिरंगे के प्रति सम्मान और भारत के प्रति गर्व की भावनाओं को अभिव्यक्त किया। कक्षा तीन से पांच तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न वर्किंग मॉडल्स के जरिए भारत की स्वतंत्रता, गौरव और राष्ट्र की उपलब्धियों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। इन गतिविधियों ने बच्चों की कल्पनाशीलता और वैज्ञानिक सोच को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को बताया गया कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं,बल्कि जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प भी है। बच्चों ने देश की एकता, अखंडता और प्रगति में योगदान देने तथा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का संदेश दिया।



