खैरथल
जिला निर्वाचन अधिकारी ने खैरथल एवं मुंडावर में 14 मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण
संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने शुक्रवार को खैरथल एवं मुंडावर नगर पालिका क्षेत्र का सघन दौरा कर 14 मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित मतदान के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय, उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिवपाल जाट, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी किशनगढ़ बास सत्यवीर सिंह, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने खैरथल एवं मुंडावर क्षेत्र में स्थापित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खैरथल, इंजीनियरिंग प्वाइंट पब्लिक स्कूल खैरथल, राजकीय विद्यालय तिनकीरुड़ी, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रैणागिरी तथा महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय मुंडावर के सभी 14 मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित बीएलओ से मतदाताओं की संख्या, मतदान केन्द्रों की स्थिति एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने मतदान कक्षों में आवश्यकतानुसार रंग-रोगन करवाने, खिड़कियों की मरम्मत कराने तथा मतदान केन्द्रों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त लाइट लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक मतदान केन्द्र पर पेयजल, विद्युत, रैम्प, शौचालय सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने अधिकारियों एवं कार्मिकों को चुनाव संबंधी सभी प्रोटोकॉल की पूर्ण पालना करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने भय एवं दबाव का वातावरण बनाने वाले असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर उड़न दस्ते के साथ पर्याप्त पुलिस जाप्ते की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शांतिपूर्ण एवं निर्भीक मतदान के लिए आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने पर जोर दिया।
जिला स्तरीय निर्वाचन कंट्रोल रूम: 01460-298205


