शामली
चौसाना में चेकिंग के दौरान तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार
315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद, मुकदमा दर्ज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान चौसाना चौकी पुलिस ने एक युवक को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर थाना झिंझाना में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक शामली एनपी सिंह के निर्देश पर जिले में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग का अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में थाना झिंझाना पुलिस की चौसाना चौकी टीम ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ा।
पूछताछ और तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी की पहचान रवि पुत्र सोम्मा निवासी ग्राम चौसाना, थाना झिंझाना, जनपद शामली के रूप में की है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना झिंझाना में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और हथियार रखने के उद्देश्य के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में चौसाना चौकी प्रभारी राहुल कुमार, हेड कांस्टेबल प्रदीप मावी, हेड कांस्टेबल जहीन अख्तर और कांस्टेबल अनुज कुमार शामिल रहे।



