कैराना

कैराना में युवक के अपहरण का आरोप

मारपीट का वीडियो देख दहशत में परिवार

चार नामजद समेत पांच अज्ञात पर अपहरण और हत्या के प्रयास का आरोप, पुलिस को दी तहरीर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। कस्बे के मोहल्ला खैलकला निवासी युवक सुहैब के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। परिजनों ने चार नामजद समेत पांच अज्ञात लोगों पर युवक को जबरन ले जाने और उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि उन्होंने इंटरनेट पर एक लाइव वीडियो देखा, जिसमें कुछ लोग सुहैब के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उसकी गर्दन पर चोट के निशान भी नजर आने का आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर युवक के भाई महफूज ने कैराना थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, सोमवार सुबह से सुहैब पुत्र महबूब का कोई पता नहीं चल रहा था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन जानकारी नहीं मिली। इसी दौरान उन्हें पता चला कि ग्राम तितरवाड़ा निवासी वसीम उर्फ तोतू, मुनव्वर उर्फ मन्नू, कादिम और सरवर उर्फ कल्लू पुत्रगण अय्यूब समेत पांच अज्ञात लोगों ने सुहैब का कथित रूप से अपहरण कर लिया है। महफूज का आरोप है कि इंटरनेट पर एक लाइव वीडियो देखने के बाद उसने उसे अपने मोबाइल में सुरक्षित कर लिया। वीडियो में आरोपी सुहैब के साथ गंभीर रूप से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि सुहैब की गर्दन पर चोट के निशान हैं और उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। युवक के लापता होने और कथित मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। परिजनों ने पुलिस से सुहैब की सकुशल बरामदगी कराने तथा आरोपियों के खिलाफ अपहरण और हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button