नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। कैराना कस्बे के मोहल्ला अफगानान में रविवार देर रात एक युवक पर रास्ता रोककर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने पहले युवक के साथ मारपीट की और बाद में रास्ता रोककर लोहे के पेचकश से उसकी छाती और पीठ पर कई वार किए। हमले में युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। पीड़ित के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला अफगानान स्थित शिव मंदिर निवासी सोनू ने कैराना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका भाई प्रवीण उर्फ बुल्ला 23 अगस्त की रात करीब एक बजे घर से सामान लेने दुकान पर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में शिवम उर्फ नोनू पुत्र प्रमोद अपने दो साथियों के साथ बाइक से वहां पहुंचा और प्रवीण के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। सोनू के अनुसार, वह मौके पर पहुंचा तो आरोपी बाइक से वहां से भाग गए। इसके बाद वह अपने भाई को लेकर घर की ओर जाने लगा। आरोप है कि कुछ दूरी पर विक्की उर्फ भूरा पुत्र अशोक, मोहित पुत्र प्रमोद और शिवम उर्फ नोनू ने दोनों का रास्ता रोक लिया।
पेचकश से किए कई वार
तहरीर के अनुसार, आरोपियों ने प्रवीण को पकड़ लिया। आरोप है कि विक्की उर्फ भूरा ने उसे मारने के लिए कहा। इसके बाद शिवम उर्फ नोनू ने हाथ में लिए लोहे के पेचकश से प्रवीण की छाती और पीठ पर कई वार कर दिए। हमले में प्रवीण गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। शोर सुनकर अशोक पुत्र पूरण और अंकुश पुत्र शिवचरण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर दोनों भाइयों को बचाया। इसके बाद सोनू अपने घायल भाई को लेकर पुलिस के पास पहुंचा।पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।