बरेली
मंडलायुक्त ने की विकास कार्यक्रमों की समीक्षा
कोटेदार-आशा की मदद से आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली । मंडलायुक्त शंभू कुमार की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में विकास कार्यक्रमों की सेक्टरवार समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मंडलायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में बदायूं की सीएचसी-पीएचसी में कमियां मिलने, बेड कम होने और अधिकारी बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताई और सीएमओ को सुधार व कार्रवाई के निर्देश दिए। पीलीभीत महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की कमी और शाहजहांपुर में डायलिसिस लक्ष्य से कम होने पर भी सुधार को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि हर सीएचसी-पीएचसी में दवाओं का रजिस्टर रखा जाए, मरीजों को शत प्रतिशत सुविधा मिले और शासन को भेजा जाने वाला डाटा जांच कर भेजा जाए। आयुष्मान गोल्डन कार्ड में शाहजहांपुर और बदायूं के पीछे होने पर मंडलायुक्त ने कोटेदारों व आशाओं की मदद से गति बढ़ाने, कार्ड पोर्टल पर अपलोड करने और तहसील-ब्लॉक स्तर पर कैंप लगाकर प्रचार करने को कहा। टीबी मुक्त भारत अभियान में भुगतान की स्थिति पीछे होने, जननी सुरक्षा योजना और बदायूं में संचारी रोग नियंत्रण अभियान में पिछड़ेपन पर भी सुधार के निर्देश दिए।
इसके बाद महिला कल्याण विभाग की योजनाओं के प्रचार-प्रसार और खाद-रसद विभाग में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति, धान क्रय केंद्रों पर किसानों के बैठने-जलपान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर निदेशक स्वास्थ्य, मंडल के चारों जिलों के सीएमओ, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



