सिंगरौली

अमलोरी बस्ती में ओबी डंप के मलबे से मकान और फसलें तबाह

ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन; विस्थापन व मुआवजे की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। सिंगरौली जिले के अमलोरी बस्ती में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते ओबी (ओवरबर्डन) डंप का मलबा रिहायशी इलाकों और खेतों में समा गया है। इससे ग्रामीणों के मकान, परिसंपत्तियां और फसलें मलबे में दबकर पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। मंगलवार, 25 अगस्त को प्रभावित भू-स्वामियों ने जिला कलेक्टर को आवेदन पत्र सौंपकर मौके का निरीक्षण कराने, उचित मुआवजा दिलाने तथा पुनर्वास नीति के तहत स्थायी विस्थापन की मांग की है।
कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में अमलोरी बस्ती निवासी रामजी बसोर, लक्ष्मण कुमार शाह, सुरेश कुमार शाह, संतोष कुमार शाह, राकेश कुमार शाह, कमले कुमार शाह, विजय कुमार शाह, लल्लू प्रसाद शाह, हीरामणी पनिका, भेषमणी पनिका, भानू पनिका सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि उनकी जमीनों पर पूर्व में बिना उचित मुआवजा दिए मनमाने तरीके से ओबी डंप कर पहाड़ जैसा ढेर बना दिया गया था।
ग्रामीणों का आरोप है कि 13 अगस्त से 24 अगस्त 2026 के बीच हुई मूसलाधार बारिश के कारण डंप का मलबा बहकर नीचे आ गया। इसके चलते बचे हुए कृषि रकबे पर बोई गई फसलें और रिहायशी मकान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके साथ ही बस्ती में आवागमन का मुख्य रास्ता भी पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे लोग भारी परेशानी झेल रहे हैं।
प्रभावित ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों का दल भेजकर मौका मुआयना कराया जाए और हुए नुकसान का वास्तविक आकलन किया जाए। साथ ही सभी प्रभावित भू-स्वामियों को भूमि व परिसंपत्ति का उचित मुआवजा, प्लॉट तथा पुनर्वास नीति के तहत अन्य सभी सुविधाएं देकर स्थायी रूप से विस्थापित किया जाए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button