
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बिजनौर : मंडावली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम श्यामिवाला के ग्राम प्रधान फैजू अंसारी ने ग्राम सचिव के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायत पत्र भेजा है। जिसमें प्रधान ने सचिव पर ग्रामीणों की समस्याओं को नजरअंदाज करने, अभद्र व्यवहार करने तथा फोन पर कथित रूप से धमकाने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम प्रधान फैजू अंसारी के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को ग्राम प्रधान और ग्रामीणों के काफी प्रयास के बाद ग्राम सचिव शाम करीब चार बजे अपने तीन-चार साथियों के साथ गांव पहुंचे। प्रधान और ग्रामीणों का आरोप है। कि सचिव कथित रूप से नशे की हालत में था और उन्हें चलने में भी परेशानी हो रही थी।
ग्रामीणों ने सचिव के सामने लंबे समय से खराब पड़े गांव के कई नलों और रास्तों पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा उठाते हुए उन्हें दुरुस्त कराने की मांग की। लेकिन आरोप है कि समस्याओं पर गंभीरता से बात करने के बजाय सचिव ग्रामीणों पर कथित रूप से चिल्लाने लगे और वहां से चले गए।
ग्रामीणों के मुताबिक, वर्तमान में क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियां और हमले बढ़ने के कारण गांव में स्ट्रीट लाइटों का दुरुस्त होना सुरक्षा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। शाम होते ही गांव के कई रास्तों पर अंधेरा छा जाने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ऐसे में खराब स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक कराने की मांग को ग्रामीण प्राथमिकता से उठा रहे हैं। लेकिन ग्राम प्रधान का आरोप है।कि ग्राम सचिव पंचायत के विकास कार्यों और ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेते। ग्रामीण जब पंचायत संबंधी कार्यों अथवा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए फोन पर संपर्क करते हैं। तो उनके साथ कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है। और उन्हें धमकाया जाता है।
ग्राम प्रधान फैजू अंसारी ने अधिकारियों से मांग की है। कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, जरूरत पड़ने पर ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जाएं और आरोपों की पुष्टि होने पर ग्राम सचिव के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही गांव में खराब पड़े नलों और स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग भी की गई है।
प्रधान का कहना है। कि ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर शीघ्र उचित कार्रवाई करने की मांग की है।


