मथुरा

मथुरा में बंगाल से लाई तीन करोड़ अष्टधातु की मूर्ति के साथ तस्कर दबोचा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा के कोतवाली पुलिस ने आगरा-दिल्ली हाईवे पर चेकिंग के दौरान अष्टधातु की प्राचीन मूर्ति के साथ युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद मूर्ति का वजन करीब 20 से 21 किलोग्राम है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये आंकी जा रही है। मूर्ति की वास्तविक प्राचीनता, धातु और कीमत की पुष्टि के लिए विशेषज्ञों से जांच कराई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि मूर्ति की तस्करी कर उसे बाजार में बेचने की तैयारी थी। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात 12 बजे आगरा-दिल्ली हाईवे पर मोती मंजिल के सामने पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध युवक से पूछताछ की गई तो उसकी पहचान हाईवे थाना क्षेत्र के एटीवी के निकट राजनगर कॉलोनी निवासी रोनित के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से अष्टधातु की मूर्ति बरामद हुई। मूर्ति का एक हाथ कटा हुआ था। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मूर्ति अष्टधातु की प्रतीत हुई है। पुलिस के अनुसार, मूर्ति पश्चिम बंगाल से लाई गई थी और इसे करीब 16वीं शताब्दी का बताया जा रहा है। सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया है कि धातु की जांच के लिए नमूना लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि उसके पिता बनारस में बस चालक हैं, वही इस मूर्ति को लेकर आए थे। फिलहाल पुलिस मूर्ति से जुड़े अन्य लोगों और कथित तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button