गोड्डा
विजय महतो ‘शहीद जगदेव सेना’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। पूर्व केंद्रीय मंत्री और ‘शहीद जगदेव सेना’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नागमणि द्वारा विजय महतो को संगठन में एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। शहीद जगदेव सेना ने विजय महतो को संगठन का राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया है। मनोनयन पत्र जारी करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री नागमणि ने कहा कि शहीद जगदेव प्रसाद के नीति-सिद्धांतों और उनके सपनों का भारत बनाने के लिए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विजय महतो भ्रष्टाचार, अन्याय, शोषण, जुल्म, ऊंच-नीच, छुआछूत और भेदभाव के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाएंगे तथा तन-मन-धन से संगठन के उद्देश्यों को पूरा करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर ‘शहीद जगदेव सेना’ के सिद्धांतों का आह्वान करते हुए कहा गया कि शोषितों और पीड़ितों के अधिकारों के लिए यह लड़ाई निरंतर जारी रहेगी। मनोनयन के पश्चात समर्थकों में खुशी की लहर है और विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने विजय महतो को बधाई दी है।



