रांची

झारखंड में सीजनल इन्फ्लूएंजा को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों में बनेंगे कम से कम 10 बेड के आइसोलेशन वार्ड

Health Department on alert regarding seasonal influenza in Jharkhand; isolation wards with at least 10 beds to be set up in hospitals.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। देश के कई राज्यों दिल्ली, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र और राजस्थान में इन्फ्लूएंजा A (H1N1 और H3N2) के बढ़ते मामलों को देखते हुए झारखंड का स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय से मिले निर्देशों के बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने राज्य के सभी सिविल सर्जन, मेडिकल कॉलेजों और जिला सर्विलेंस पदाधिकारियों को सतत निगरानी और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (IDSP) के तहत राज्य सर्विलेंस पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार सिंह की देखरेख में राज्यभर में ILI (इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी) और SARI (गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण) के मामलों की दैनिक निगरानी की जा रही है। साथ ही IHIP पोर्टल पर नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल झारखंड में इन्फ्लूएंजा संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इन्फ्लूएंजा A H1N1 और H3N2 की जांच की सुविधा रिम्स, रांची और एमजीएम, जमशेदपुर में उपलब्ध कराई गई है। सभी जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में संभावित एवं संक्रमित मरीजों के उपचार के लिए कम से कम 10 बेड के आइसोलेशन वार्ड चिन्हित करने का निर्देश दिया गया है। अस्पतालों में PPE किट, N95 मास्क, ट्रिपल लेयर मास्क, VTM किट, आवश्यक दवाएं, ऑक्सीजन उपकरण और वेंटिलेटर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने को कहा गया है। OPD में आने वाले ILI और SARI मरीजों की अनिवार्य स्क्रीनिंग की जाएगी। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को भी मास्क पहनने के निर्देश दिए गए हैं। आईईसी के स्टेट नोडल ऑफिसर डॉ. राहुल किशोर सिंह ने बताया कि इन्फ्लूएंजा से बचाव, इसके लक्षण तथा क्या करें और क्या न करें से संबंधित जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बुजुर्ग, पांच वर्ष तक के बच्चे, गर्भवती महिलाएं और गंभीर पुरानी बीमारियों से पीड़ित लोग इन्फ्लूएंजा के प्रति अधिक संवेदनशील हो सकते हैं। इसलिए इन लोगों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने, छींकते या खांसते समय मुंह-नाक ढंकने और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लेने की अपील की है। हाथ मिलाने से बचने, सार्वजनिक स्थानों पर नहीं थूकने और गंदे हाथों से आंख, नाक व मुंह को बार-बार न छूने की सलाह दी गई है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि डॉक्टर की सलाह के बिना एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन न करें। राज्य सर्विलेंस पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को मरीजों का डेटा IHIP पोर्टल पर नियमित दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य संबंधी परामर्श, लक्षण दिखाई देने पर सलाह अथवा सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी के लिए राज्य सरकार की 24 घंटे उपलब्ध हेल्पलाइन 104 पर संपर्क किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने लक्षण दिखाई देने पर लोगों से अपने नजदीकी सदर अस्पताल या सरकारी चिकित्सा संस्थान में संपर्क करने की अपील की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button