शामली
तमंचे के साथ बदमाश गिरफ्तार, कारतूस बरामद
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
एसपी के निर्देश पर गंगेरू चौकी प्रभारी योगेश कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ गांव असदपुर जिडाना स्थित ईंट भट्ठे के समीप संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा।
पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 32 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अमजद निवासी गांव घाटमपुर, थाना नकुड़, जनपद सहारनपुर बताया।
पुलिस ने बरामद तमंचा और कारतूस कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। गुरुवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटा रही है।
