बालाघाट
ईओडब्ल्यू का बड़ा एक्शन: प्रभारी कार्यपालन यंत्री के ठिकानों पर छापा
बालाघाट, छिंदवाड़ा और भोपाल में एक साथ दबिश, 2.50 लाख कैश और नई स्कॉर्पियो बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भोपाल/बालाघाट/छिंदवाड़ा। राज्य आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। प्रभारी कार्यपालन यंत्री के.के. सिंगारे के तीन ठिकानों पर ईओडब्ल्यू की टीमों ने आज सुबह एक साथ दबिश दी।
जानकारी के अनुसार यह संयुक्त कार्रवाई बालाघाट, छिंदवाड़ा और भोपाल स्थित आवासों पर सुबह करीब 5:45 बजे शुरू की गई।
ईओडब्ल्यू सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई सिविल कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन मध्यप्रदेश के जनरल सेक्रेटरी यूनुस खान उर्फ पप्पा भाई द्वारा दर्ज कराई गई भ्रष्टाचार की औपचारिक शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायत में विभिन्न निर्माण कार्यों और ठेकों में अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं।
प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान बालाघाट स्थित आवास से 2 लाख 50 हजार रुपए नकद, एक नई स्कॉर्पियो वाहन और दर्जनों खाली लिफाफे बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
ईओडब्ल्यू की टीमें तीनों ठिकानों पर दस्तावेजों, बैंक खातों और अन्य संपत्तियों की बारीकी से जांच-पड़ताल कर रही हैं। समाचार लिखे जाने तक तलाशी और जब्ती की कार्रवाई जारी थी।



