फर्जी दस्तावेज के आधार पर मतदाता सूची में शामिल होने का प्रयास करने वालों एवं इसमें सहयोग करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई,के.रवि कुमार

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
साहिबगंज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झारखंड के.रवि कुमार संथाल परगना क्षेत्र के साहिबगंज जिले से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त हो रही शिकायतों की भौतिक जांच के लिए साहेबगंज पहुंचे।इस दौरान उन्होंने पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के बरहरवा प्रखंड क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से जुड़े मामलों की स्थल जांच की तथा संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी से पूरे प्रकरण की जानकारी ली।मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बरहरवा में चिह्नित संदिग्ध व्यक्तियों के घरों पर जाकर स्वयं स्थल जांच की, उन्होंने संबंधित व्यक्तियों,उनके निवास तथा मतदाता सूची में पंजीकरण से संबंधित उपलब्ध अभिलेखों एवं प्रस्तुत दस्तावेजों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक संदिग्ध मामले की गहनता से जांच की जाए तथा तथ्यों एवं उपलब्ध दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।बरहरवा प्रखंड में फर्जी दस्तावेजों के संबंध में उपलब्ध कराई गई सूची में आहुत इनके द्वारा फर्जी आवासीय प्रमाण-पत्र प्रस्तुत किए गए हैं।इन अपात्र व्यक्तियों को कॉमन सर्विस सेंटर के संचालक द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर उपलब्ध कराए गए थे।जांच के क्रम में बरहरवा प्रखंड में फर्जी दस्तावेज जमा कर अवैध रूप से मतदाता सूची में शामिल होने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।साथ ही,कॉमन सर्विस सेंटर के संचालक द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर उपलब्ध कराने के मामले में भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि फर्जी दस्तावेज के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा बरहरवा प्रखंड के बेलपहाड़ी तथा उधवा प्रखंड के पश्चिमी प्राणपुर का भी निरीक्षण किया गया।के.रवि कुमार ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं विश्वसनीयता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता है। विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और किसी भी अपात्र अथवा विदेशी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो।उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं मतदाता सूची की शुचिता बनाए रखने के लिए प्राप्त प्रत्येक गंभीर शिकायत की तथ्यपरक एवं निष्पक्ष जांच की जाएगी।उन्होंने जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि फर्जी दस्तावेजों से जुड़े मामलों में संबंधित अभिलेखों का सूक्ष्म सत्यापन करें।यदि जांच में किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर गलत अथवा फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने की पुष्टि होती है,तो उसके विरुद्ध प्रचलित विधिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाए।वही मौके पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दूबे एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी उपस्थित थे।



