गोड्डा
फसल चरने के विवाद को लेकर चला लाठी डंडा और तलवार, तीन बुजुर्ग घायल
सदर अस्पताल में भर्ती कर घायलों का हो रहा इलाज

देवडांड़ पुलिस को थाना पहुंच कर घायलों ने दिया जानकारी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
देवडांड़। धान का फसल चराने के विवाद में देवडांड़ थाना क्षेत्र के नन्दुपहाड़ी गांव में दबंगों ने तलवार, लाठी डंडा से हमला कर तीन बुजुर्गों को जख्मी कर दिया है। घायलों ने पुलिस को बताया कि हमलावर नूनबट्टा पंचायत के कदवा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। घायलों की पहचान नन्दू पहाड़ी गांव निवासी लालमोहन राय, हरिहर राय तथा राजेंद्र राय के रूप में हुई है। घायल लालमोहन राय ने बताया कि कदवा टोला के यादवों द्वारा उनकी फसल को मवेशियों से नष्ट करवा दिया जा रहा था। दो दिन पूर्व मना करने पर झंझट हुआ था। सोमवार को पुनः फसल नष्ट करने से मना किया तो कदवा गांव के 50 से अधिक ग्रामीणों ने लाठी डंडा व तलवार से हमला कर दिया। इस घटना में हरिहर राय व राजेंद्र राय को तलवार से वार कर जख्मी कर दिया। जबकि लालमोहन राय का डंडा मारकर सिर फोड़ दिया। इस दौरान बचाने आई महिला प्रभा देवी पर हमलावरों ने हमला कर दिया। घटना में महिला को भी चोट लगी है। घटना के बाद सभी घायल देवडांड़ थाना पहुंचे, जहां से पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, गोड्डा भेज दिया। सदर अस्पताल पहुंचते ही सभी घायलों को आकस्मिक विभाग में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। इस मामले में पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। जल्द ही देवडांड़ पुलिस की ओर से मामले में खुलासा कर दिया जायेगा।



