ज्वेलरी दुकान लूटकांड के घटनास्थल का एसपी ने लिया जायजा
The SP inspected the scene of the jewelry shop robbery.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के अमड़ापाड़ा बाजार में विगत दिनों हुई ज्वेलरी दुकान लूटकांड की घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने मंगलवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने घटना की जांच एवं संलिप्त संदिग्धों की गिरफ्तारी को लेकर गठित विशेष अनुसंधान दल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। एसपी ने थाना प्रभारी को अनुसंधान में तेजी लाने के साथ-साथ थाना क्षेत्र के सभी ज्वेलरी शॉप, पेट्रोल पंप, चौक-चौराहों एवं प्रमुख दुकानों में सीसीटीवी कैमरे अधिष्ठापित कराने का निर्देश दिया। साथ ही सम्बन्धित प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मियों का चरित्र सत्यापन कराने को भी कहा। निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने अमड़ापाड़ा बाजार में पैदल मार्च किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न ज्वेलरी दुकानों, पेट्रोल पंपों, चौक-चौराहों एवं पूजा पंडालों का जायजा लिया तथा स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर सुरक्षा संबंधी जानकारी ली। एसपी ने ज्वेलरी शॉप एवं पेट्रोल पंप संचालकों तथा पूजा समितियों को सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक सावधानियां बरतने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने को कहा। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने पर भी जोर दिया। इस दौरान सुरक्षा बलों के द्वारा बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखी गई। घटनास्थल के निरीक्षण एवं पैदल मार्च के दौरान एसडीपीओ विजय कुमार, थाना प्रभारी अनूप रोशन भांगड़ा सहित अमड़ापाड़ा थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।


