
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के वरिष्ठ राष्ट्रीय महामंत्री राघवेंद्र सिंह ‘राजू’ ने बरेली प्रवास के दौरान 20 सितंबर को आगरा में आयोजित होने वाले सनातन शक्ति सम्मेलन में रुहेलखंड मंडल से हजारों युवाओं, अभिभावकों और शिक्षाविदों से शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश संविधान से चलता है और संविधान समानता व सद्भाव की बात करता है। महासभा भेदभाव के खिलाफ है तथा किसी भी SC/ST भाई के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।
राजू ने महासभा की तीन प्रमुख मांगें गिनाईं। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए समान होना चाहिए, शिकायतों में निष्पक्ष जांच के बाद ही कार्रवाई हो तथा झूठे मुकदमों पर कड़ी सजा और दोगुने जुर्माने का प्रावधान किया जाए। उन्होंने UGC के नए नियमों को लेकर सामान्य वर्ग के युवाओं की चिंताओं का भी मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि सवर्ण समाज ने हमेशा देश के लिए योगदान दिया है और अब युवाओं के भविष्य से जुड़े विषयों पर सरकार को उनकी बात भी सुननी चाहिए। इस दौरान इंजी. भुवनेश्वर सिंह, यशपाल सिंह, सर्वेश्वर पाल सिंह, बंटी ठाकुर समेत पदाधिकारी मौजूद रहे।



