जिला कांग्रेस की बैठक में ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा,संगठन की मजबूती पर दिया जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
साहिबगंज जिला कांग्रेस कमिटी,साहिबगंज की बैठक मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान की अध्यक्षता मे हुई।बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के सदस्य शहजादा अनवर विशेष रूप से उपस्थित रहे।बैठक को संबोधित करते हुए शहजादा अनवर ने राज्य एवं देश के कई ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।उन्होंने कहा कि आज देश में सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाने वाले नेताओं में राहुल गांधी सबसे मुखर हैं,उन्होंने कहा,एक वाहिद शख्स है राहुल गांधी जो आज सरकार की गलत नीतियों को लेकर सबसे मुखर हैं और जनता की आवाज को मजबूती से उठा रहे हैं।शहजादा अनवर ने कांग्रेस संगठन को मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल चुनाव तक सीमित नहीं है,बल्कि देश और राज्य के लोकतांत्रिक मूल्यों,संविधान और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करना भी उनकी जिम्मेदारी है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने,आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।जिला कांग्रेस अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने कहा कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है।उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ जनता के बीच सक्रिय रहने और जनसमस्याओं को मजबूती से उठाने की अपील की।बैठक में जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारियों प्रखंड एवं मंडल अध्यक्षों,विभिन्न विभागों के अध्यक्षों तथा वरिष्ठ कांग्रेसजनों ने भाग लिया।इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों,आगामी कार्यक्रमों तथा राज्य और देश के मौजूदा राजनीतिक एवं जनहित के मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।बैठक के उपरांत शहजादा अनवर एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान के साथ सभी कांग्रेसजन जिला कांग्रेस कमिटी के उपाध्यक्ष सुनील पासवान के पिता की अंत्येष्टि में शामिल होने गंगा घाट पहुंचे।इस दौरान कांग्रेसजनों ने दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।बैठक में दर्जनों पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्त्ता उपस्थित थे।



