केन्द्र सरकार पर झारखंड के हितों की अनदेखी का आरोप, कांग्रेस ने जताया विरोध
Central government accused of ignoring Jharkhand's interests; Congress registers protest.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। कांग्रेस के संथाल परगना प्रभारी शहजादा अनवर निर्धारित कार्यक्रम के तहत पाकुड़ स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। जहां उपस्थित कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान शहजादा अनवर ने राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, खनिज विधेयक-2026 समेत विभिन्न मुद्दों पर केन्द्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार हेमन्त सोरेन के नेतृत्व वाली झारखंड सरकार के विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड के अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है, जिसका कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी। जेएसएससी सीजीएल मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए शहजादा अनवर ने कहा कि राज्य सरकार ने मामले की जांच सीआईडी को सौंपी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के तहत छापेमारी भी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल इस मुद्दे पर राजनीतिक भ्रम की स्थिति पैदा करने के उद्देश्य से सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मामले की जांच को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। खनिज विधेयक को लेकर भी उन्होंने केन्द्र सरकार की भूमिका पर सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार ने इस संबंध में गलत नीयत से मंजूरी देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि झारखंड के हितों और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करेगी। कार्यक्रम में कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। इस दौरान पार्टी संगठन को मजबूत करने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष को और तेज करने पर भी चर्चा हुई। मौके पर जिलाध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद, प्रखण्ड अध्यक्ष मानसारुल हक, सेमीनुल इस्लाम, असद हुसैन, शाहीन परवेज, शाहनवाज बेगम, सेलिम हुसैन, बेलाल शेख, इस्लाम मियां, पियारुल इस्लाम, रामविलास महतो, देवू विश्वास आदि उपस्थित थे।



