बालाघाट
आदिवासी बच्चों की मौत के बीच सुशासन पखवाड़े के आयोजनों पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
हनुमान चौक पर मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत बच्चों को दी श्रद्धांजली

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : जिले के आदिवासी अंचल में बच्चों की मौत के मामले को लेकर शहर कांग्रेस ने गुरुवार शाम स्थानीय हनुमान चौक पर मोमबत्ती जलाकर दिवंगत बच्चों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस नेताओं ने इस दौरान केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों और सुशासन पखवाड़े को लेकर सवाल उठाए।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्याम पंजवानी ने कहा कि बालाघाट जिले में 35 से अधिक बैगा आदिवासी बच्चों की मौत की खबरों से लोग चिंतित हैं। ऐसे समय में जब प्रभावित परिवार दुख से गुजर रहे हैं, सरकार द्वारा उत्सव एवं दीप प्रज्वलन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाना उचित नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि ऐसी परिस्थितियों में सुशासन की प्राथमिकताएं क्या होनी चाहिए।
श्याम पंजवानी ने इंदौर की जल त्रासदी, जहरीले कफ सिरप से बच्चों की मौत, सागर की जहरीली शराब की घटना, बिहार की बाढ़ और बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत के मामलों का उल्लेख करते हुए सरकार से इन घटनाओं के संबंध में जवाबदेही और प्रभावी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने सागर की घटना में बड़ी संख्या में लोगों की मौत का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी परिस्थितियों में उत्सवों के आयोजन को लेकर सरकार को संवेदनशीलता का ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पूर्व में खाद्य तेल की खपत कम करने की अपील का उल्लेख करते हुए दीप प्रज्वलन के आयोजनों पर भी सवाल उठाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनका कार्यक्रम राजनीतिक विरोध के साथ-साथ दिवंगत बच्चों के प्रति संवेदना व्यक्त करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
अनूप सिंह बैस ने कहा कि बालाघाट से लेकर देश के विभिन्न हिस्सों में लोग अलग-अलग संकटों से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रमों को लेकर कांग्रेस अपनी आपत्ति दर्ज करा रही है। उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी सहित विभिन्न मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगा।
संगठन मंत्री शफकत खान ने कहा कि बच्चों की मौत और देश के विभिन्न हिस्सों में सामने आई विपरीत परिस्थितियों के बीच सरकार के आयोजनों को लेकर जनता में सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।
कार्यक्रम में अनूप सिंह बैस, श्याम पंजवानी, शौकत खान, श्रीनिवास राव, कारो लिल्हारे, अल्लाह रखा, पन्ना शर्मा, शमीम सिद्दीकी, जीतू बर्वे, साबिर मंसूरी, निर्मल कल्लू सोनी, राम सिंह भाटिया, केवल सिंह झरिया, फिरोज खान, राजेश ठाकुर, जयकृष्णा डिंगरू, प्रशांत मोहरे, मोहम्मद आजम खान, अफरोज खान, साजिद अली, डॉ. दुर्गा वर्कड़े, डॉ. मुकेश वर्कड़े, मधु चौकसे, मुकेश लिल्हारे, धर्मेंद्र बोपचे, निखिल गौतम, सीमा सिंह, रामभाऊ पंचेश्वर, ऋषभ सहारे सहित कांग्रेसजन उपस्थित रहे।



