पीड़ित के पिता ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। दस वर्षीय बालक के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक बालक को बहला—फुसलाकर बाइक पर ले गया और जंगल में अप्राकृतिक कुकर्म किया। पीड़ित के पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर के मोहल्ला आलकलां निकट लालकुआं निवासी युवक ने कोतवाली में तहरीर दी है। बताया है कि शनिवार रात करीब आठ बजे उसका करीब दस वर्षीय बेटा घर के बाहर गली में खेल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ला छड़ियान निवासी युवक वहां पहुंचा और उसके बेटे को दुकान से सामान दिलाने के बहाने बहला-फुसलाकर बाइक पर बैठाकर साथ ले गया। इसके बाद नए बाईपास पानीपत रोड के निकट जंगल में ले जाकर उसके साथ अप्राकृतिक कुकर्म किया। बालक के विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी ने उसे हत्या करने की धमकी दी। बाद में आरोपी बालक को बाइक पर बैठाकर उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गया। घर पहुंचने पर बालक ने रोते—बिलखते हुए परिजनों को घटना की जानकारी दी। मामले में पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच उपरांत कार्रवाई की जाएगी।
