पाकुड़

पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, खनिज संशोधन विधेयक के विरोध का ऐलान

Former Minister Alamgir Alam listened to villagers' grievances and announced opposition to the Mineral Amendment Bill.

 नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

पाकुड़। झारखंड सरकार के पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलमगीर आलम ने रविवार, 20 सितंबर 2026 को जिला कांग्रेस कार्यालय, पाकुड़ में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। निर्धारित कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यालय पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। बैठक में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से बिजली, पेयजल, चापाकल, पीसीसी सड़क, एमएमडीआर (MMDR) सहित क्षेत्र की अन्य बुनियादी समस्याओं की जानकारी ली गई। पूर्व मंत्री ने संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने तथा अधिकारियों से संपर्क कर त्वरित कार्रवाई कराने की बात कही। बैठक के दौरान क्षेत्र से पहुंचे ग्रामीणों एवं आम नागरिकों ने भी अपनी विभिन्न समस्याएं पूर्व मंत्री के समक्ष रखीं। एसआईआर (Special Intensive Revision) के तहत मतदाता सूची में अनमैप्ड मतदाताओं, सत्यापन प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित मामलों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। आलमगीर आलम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर पात्र मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। आलमगीर आलम ने कहा कि वह नियमित रूप से विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा करते हैं और कांग्रेस कार्यालय में भी लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनते हैं। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जाता है। केंद्र सरकार की ग्रामीण रोजगार योजना में प्रस्तावित नाम परिवर्तन को लेकर पूर्व मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय लागू मनरेगा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़े और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिली। उनके अनुसार, रोजगार के अवसर बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय कारोबार और बाजार को भी लाभ पहुंचा। उन्होंने राहुल गांधी के वर्तमान अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच पहुंचकर विभिन्न मुद्दों को उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी आगामी दिनों में भी जनसरोकार से जुड़े विषयों को लेकर सक्रिय रहेगी। पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने केंद्र सरकार के खनिज (संशोधन) विधेयक, 2026 को लेकर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और खनिज संसाधनों से प्राप्त राजस्व एवं सेस राज्य के विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके अनुसार, प्रस्तावित प्रावधानों से राज्य के हित प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी 26 सितंबर को खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में व्यापक कार्यक्रम आयोजित करेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी की अपील की। बैठक के अंत में आलमगीर आलम ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास से संभव है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आम जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने तथा स्थानीय समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का आह्वान किया।  मौके पर जिलाध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, प्रखंड अध्यक्ष मानसारुल हक, विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष शाहीन परवेज, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष बेलाल शेख, ओबीसी जिला अध्यक्ष अमीर हमजा उर्फ मिस्टर शेख, मोहिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शहनाज बेगम, सेमिनुल इस्लाम, असद हुसैन, सेलिम हुसैन, मुजिबुर रहमान, उमर फारूक, सोशल मीडिया चैयरपर्सन पियारुल इस्लाम,  रामविलास महतो अन्य समेत काफी संख्या में स्थानीय आमजनता व कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button