
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज जिले के बरहरवा प्रखंड अंतर्गत बरारी पंचायत के राजस्व ग्राम अबरा टोला सहित आसपास के 30 से अधिक गांवों के ग्रामीणों की आवागमन संबंधी समस्याओं को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय कुमार हांसदा से मुलाकात की।इस दौरान ग्रामीणों ने प्रस्तावित अंडरग्राउंड बाईपास के साथ समुचित एवं सुगम सर्विस रोड उपलब्ध कराने की मांग को प्रमुखता से सांसद के समक्ष रखा।ग्रामीणों ने सांसद को बताया कि प्रस्तावित परियोजना से बरारी पंचायत के अबरा टोला समेत 30 से अधिक गांव प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित होंगे, इन गांवों के हजारों लोग वर्तमान संपर्क मार्ग तथा प्रस्तावित सर्विस रोड पर अपने दैनिक आवागमन के लिए निर्भर हैं।ग्रामीणों के अनुसार इस संबंध में परियोजना निदेशक, एनएचएआई तथा पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के समक्ष भी अपनी समस्याओं और मांगों को रखा जा चुका है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि अंडरग्राउंड बाईपास के निर्माण के साथ पर्याप्त और सुविधाजनक सर्विस रोड की व्यवस्था नहीं की गई,तो क्षेत्र के लोगों के आवागमन में गंभीर परेशानी उत्पन्न हो सकती है।इसका असर स्कूली बच्चों, मरीजों,किसानों और दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने वाले ग्रामीणों पर पड़ने की आशंका है।मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ सकती है, वहीं आपातकालीन स्थिति में अस्पताल या अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने में भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।ग्रामीणों ने कहा कि वे विकास परियोजना के विरोध में नहीं हैं, बल्कि चाहते हैं कि चार लेन सड़क निर्माण के साथ स्थानीय लोगों के निर्बाध आवागमन का भी स्थायी समाधान किया जाए,अंडरग्राउंड बाईपास के दोनों ओर आवश्यकतानुसार सर्विस रोड,संपर्क मार्ग और आवागमन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए,ताकि विकास कार्य से ग्रामीणों की दैनिक जिंदगी प्रभावित न हो। प्रतिनिधिमंडल ने सांसद विजय कुमार हांसदा से आग्रह किया कि वे इस जनहित के मुद्दे को संबंधित विभाग एवं एनएचएआई के अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से उठाएं तथा अंडरग्राउंड बाईपास के साथ समुचित सर्विस रोड की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक पहल करें। सांसद से सकारात्मक पहल की उम्मीद जताते हुए ग्रामीणों ने कहा कि परियोजना का लाभ क्षेत्र के लोगों को तभी पूरी तरह मिल सकेगा,जब उनके आवागमन की सुविधा भी सुरक्षित और सुगम हो।



