शामली

रोडवेज बस स्टैंड के पास छात्रों के दो गुट भिड़े, बेल्ट से मारपीट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। शहर के रोडवेज बस स्टैंड के पास मंगलवार को स्कूली छात्रों के दो गुटों में किसी बात को लेकर सरेआम मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के छात्रों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसों और बेल्ट से हमला किया। इस दौरान एक छात्र को कुछ छात्रों ने उठाकर सड़क पर पटक दिया। चौराहे पर छात्रों के बीच मारपीट से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही छात्र मौके से चले गए।

बताया गया कि मंगलवार दोपहर वीवी इंटर कॉलेज की छुट्टी के बाद छात्रों के दो गुट दिल्ली रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनमें कहासुनी हो गई। देखते ही देखते छात्रों ने एक-दूसरे के साथ मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट के दौरान एक छात्र बचने के लिए भागा, लेकिन दूसरे छात्रों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। दिल्ली रोड पर बस स्टैंड के समीप छात्रों के बीच संघर्ष होने से यात्रियों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दिल्ली रोड पर सिविल और यातायात पुलिस की तैनाती के बावजूद छात्र आपस में भिड़ते रहे। हालांकि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही छात्र वहां से जा चुके थे।

कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र गौतम ने बताया कि छात्रों की ओर से घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन तब तक छात्र वहां से जा चुके थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button