वंदे मातरम के सामूहिक गायन की तैयारियों में जुटे विद्यार्थी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। शहर के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर जूनियर स्कूल में 25 सितंबर को प्रस्तावित सामूहिक राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ गायन कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम को लेकर विद्यालय में छात्र-छात्राओं के विशेष अभ्यास सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। बड़ी संख्या में विद्यार्थी अनुशासनबद्ध होकर सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का अभ्यास कर रहे हैं।
अभ्यास के दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रगीत के शुद्ध उच्चारण, स्वर, लय और सामूहिक प्रस्तुति का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विद्यार्थियों के एक साथ उठते राष्ट्रभक्ति के स्वर विद्यालय परिसर को देशप्रेम की भावना से सराबोर कर रहे हैं।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार विद्या भारती के इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव तथा मातृभूमि के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। इस दौरान प्रधानाचार्य संजय सैनी और प्रधानाचार्य पल्लवी ऐरन मौजूद रहे।
