झपटमारी और वाहन चोरी में दो आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
नई दिल्ली । मयूर विहार थाना पुलिस ने झपटमारी और वाहन चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर छह चोरी के दोपहिया वाहन और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपियों की पहचान त्रिलोकपुरी निवासी अरश उर्फ नाटा (22) और शोएब उर्फ जुनैद (25) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को सद्भावना रोड पर एक व्यक्ति से मोबाइल झपटमारी की वारदात हुई थी। वारदात के दौरान आरोपी चोरी की स्कूटी लेकर भाग रहे थे, लेकिन स्कूटी फिसलने के बाद उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गए। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर पांच अन्य चोरी के दोपहिया वाहन और एक रियलमी मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद वाहन शाहदरा, लक्ष्मी नगर, विवेक विहार और फर्श बाजार थानों में दर्ज चोरी के मामलों से जुड़े पाए गए। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी चोरी के वाहनों का इस्तेमाल मोबाइल झपटमारी में करते थे। मामले में आगे की जांच जारी है।



