मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने तृषा सिंह के निधन पर जताई गहरी संवेदना
Chief Minister Hemant Soren expressed deep condolences over the demise of Trisha Singh.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्य सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की दिवंगत पुत्री तृषा सिंह के असामयिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री आज स्मार्ट सिटी, रांची स्थित मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह के आवास पहुंचे और दिवंगत तृषा सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढ़स बंधाया तथा इस अत्यंत कठिन समय में मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता के लिए असहनीय और शब्दों से परे होता है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत तृषा सिंह को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति, साहस और संबल दें। विधायक कल्पना सोरेन ने भी तृषा सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर मंत्रिमंडल के अन्य मंत्रीगण, राज्यसभा सांसद, विधायकगण, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, राज्य सरकार के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे और दिवंगत तृषा सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।



