मथुरा में कृष्णा नगर से शुरू होगा कचरा रहित जोन का प्रयोग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभाकक्ष में स्वच्छ ब्रज अभियान के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान को धरातल पर उतारने पर जोर दिया गया। पहले चरण में 3-4 दिनों तक ऑडियो संदेशों के माध्यम से दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को जागरूक किया जाएगा। इसके बाद व्यापार सभा, जिला प्रशासन, नगर निगम, ब्रज तीर्थ विकास परिषद, सामाजिक संस्थाओं और स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों की सहभागिता से जागरूकता रैली निकाली जाएगी।
रैली के साथ डोर-टू-डोर संपर्क कर लोगों को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके परिणामों के आधार पर मॉडल को अन्य क्षेत्रों में लागू किया जाएगा।मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी नागप्पन ने एजेंडा प्रस्तुत किया, जबकि नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया की नगर निगम ऐप में सुधार कर रहा है। इसमें कचरे- कूड़ा संबंधी शिकायत का निस्तारण दो घंटे निर्धारित किया गया है। इस समय सीमा में कूड़ा नहीं उठता है तो ऐप में दर्ज शिकायत क्रमश उच्च अधिकारियों तक पहुंचती जाएगी। बैठक में अभियान की समीक्षा और सभी गतिविधियों की समयबद्ध मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया गया। इस दौरान दीपक गोयल, विपिन सिंघल, राजेंद्र अग्रवाल, जनार्दन पोद्दार, विपुल अग्रवाल, निशांत शर्मा, अंकित बंसल आदि मौजूद रहे।



