पाकुड़

एसडीओ ने किया बायो पैथ लैब का औचक निरीक्षण, मानकों के पालन का दिया निर्देश

SDO conducts surprise inspection of Bio Path Lab; issues instructions to adhere to standards.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

पाकुड़। जिले के पाकुड़िया प्रखंड क्षेत्र के मोंगलाबांध स्थित नए सिरे से संचालित किए जाने वाले बायो पैथ लैब का रविवार को अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) साईमन मरांडी ने टीम के साथ औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य लैब के संचालन की अनुमति तथा निर्धारित मानकों के अनुपालन की स्थिति का जायजा लेना था। एसडीओ ने लैब पहुंचकर उपलब्ध व्यवस्थाओं, आधुनिक उपकरणों, तकनीकी संसाधनों और मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने लैब में उपलब्ध विभिन्न पैथोलॉजी जांच सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान 4डी-यूएसजी, ईसीजी, ब्लड जांच, यूरिन जांच, शुगर, हीमोग्लोबिन, लिपिड प्रोफाइल, लिवर एवं किडनी फंक्शन समेत अन्य जांच सुविधाओं की जानकारी ली गई। एसडीओ ने जांच के लिए लगाए गए उपकरणों, तकनीकी व्यवस्था, साफ-सफाई तथा मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने जांच प्रक्रिया से संबंधित व्यवस्थाओं के साथ-साथ लैब में कार्यरत कर्मियों की भूमिका और आवश्यक योग्यताओं के बारे में भी जानकारी ली। एसडीओ ने संबंधित कर्मियों को निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही मरीजों को सही, विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। लैब प्रबंधन की ओर से अधिकारियों को उपलब्ध सुविधाओं, लगाए गए उपकरणों तथा भविष्य में उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। लैब के संचालन से क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर विभिन्न प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान जिले से डीडीएम प्रताप कुमार, हॉस्पिटल मैनेजर विनोद कुमार, सीएचसी पाकुड़िया के डॉ. मंजर आलम एवं प्रखंड लेखा प्रबंधक प्रभात दास मौजूद रहे। वहीं लैब की ओर से डायरेक्टर मकसूद अंसारी, फरहान अंसारी, मोइन अंसारी एवं मारूफ अंसारी उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button