सेवा संकल्प अभियान के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। विकासखंड थानाभवन के विभिन्न स्थानों पर संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से जनजागरूकता कार्यक्रम कराए गए। सुश्री श्रुतिका सहारनपुर के नेतृत्व में कलाकारों की टोली ने मंचन एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कलाकारों की प्रस्तुतियां देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे।
इसके अलावा ब्लॉक थानाभवन की विभिन्न ग्राम पंचायतों में सीधा संवाद और श्रमदान कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इनके माध्यम से लोगों को स्वच्छता, जनभागीदारी और सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। वहीं श्रम विभाग शामली की ओर से नगर पालिका कांधला, नगर पालिका कैराना और सहायक श्रमायुक्त कार्यालय परिसर शामली में जागरूकता कैंप लगाए गए। कैंप में श्रमिकों को श्रम विभाग की योजनाओं, फैमिली आईडी बनाने, डिजिटल लेबर चौक ऐप पर पंजीकरण, बीओसीडब्ल्यू में पंजीकरण एवं नवीनीकरण तथा बोर्ड की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण कराने के लिए भी जागरूक किया गया।



