सिंगरौली
एनसीएल में राजभाषा पखवाड़ा का समापन, विजेताओं को किया सम्मानित
हिंदी बोलने में हीन भावना न रखें, कार्यालयीन कार्यों में बढ़ाएं प्रयोग : आशुतोष द्विवेदी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में सोमवार को राजभाषा पखवाड़ा 2026 के समापन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एनसीएल के परियोजनाओं एवं कर्मियों के साथ स्कूली बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में एनसीएल के निदेशक तकनीकी आशुतोष द्विवेदी, मुख्य सतर्कता अधिकारी अजय कुमार जायसवाल, कंपनी जेसीसी सदस्य सीएमएस से अजय कुमार, आरसीएसएस से लाल पुष्पराज सिंह, बीएमएस से अशोक मिश्रा, एचएसएम से अशोक कुमार पांडे तथा सीएमओएआई के महासचिव सर्वेश सिंह सहित एनसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक, मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में निदेशक तकनीकी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि हिंदी देश की समृद्ध भाषाई एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने हिंदी बोलने में किसी प्रकार की हीन भावना न रखने और राजभाषा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की बात कही। उन्होंने दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को और अधिक बढ़ाने पर जोर दिया।
मुख्य सतर्कता अधिकारी अजय कुमार जायसवाल ने मातृभाषा के प्रति प्रेम और सम्मान का संदेश देते हुए राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर भी बल दिया।
कार्यक्रम में एनसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक, मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए। राजभाषा पखवाड़ा का आयोजन एनसीएल के राजभाषा विभाग के तत्वावधान में किया गया था। कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन महाप्रबंधक राजभाषा पी.के. त्रिपाठी ने दिया।
समापन समारोह के दौरान राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले परियोजनाओं, कर्मियों और स्कूली बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए। धन्यवाद ज्ञापन मानव संसाधन विभाग के प्रबंधक आर.के. राठौड़ ने किया, जबकि मंच संचालन मानव संसाधन एवं प्रशासन के प्रबंधक कौशल कुमार तिवारी ने किया।



