हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी सम्मेलन की अनुमति नहीं, एसडीपीआई ने प्रशासन पर उठाए सवाल
प्रदेश अध्यक्ष डा. सरवर बोले—अंतिम समय पर अनुमति रद्द करना हाईकोर्ट के आदेश की अवहेलना, फिर खटखटाएंगे अदालत का दरवाजा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) के प्रदेश अध्यक्ष डा. सरवर और प्रदेश महासचिव मोहम्मद नदीम ने शामली प्रशासन पर कार्यकर्ता सम्मेलन की अनुमति अंतिम समय पर रद्द करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को मोहल्ला दरबारखुर्द में आयोजित प्रेसवार्ता में दोनों पदाधिकारियों ने कहा कि हाईकोर्ट के निर्देश के बावजूद सम्मेलन की अनुमति न देना गंभीर मामला है। उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई को हाईकोर्ट के आदेश की अवहेलना बताते हुए दोबारा अदालत की शरण लेने की बात कही।
प्रदेश अध्यक्ष डा. सरवर ने कहा कि पार्टी पिछले करीब एक वर्ष से कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने के लिए प्रशासन से अनुमति मांग रही थी। अनुमति नहीं मिलने पर पार्टी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। उनके अनुसार, हाईकोर्ट की ओर से जिला प्रशासन को अनुमति देने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले ही प्रशासन की ओर से अनुमति रद्द किए जाने की जानकारी दी गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि अनुमति रद्द किए जाने तक पार्टी की ओर से स्थान, टेंट और खान-पान समेत सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के नेता भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हो चुके थे। ऐसे में अंतिम समय पर अनुमति रद्द किए जाने से कार्यकर्ताओं में रोष है।
प्रदेश महासचिव मोहम्मद नदीम ने कहा कि प्रशासन की कार्रवाई से कार्यकर्ता मायूस जरूर हैं, लेकिन उनका हौसला नहीं टूटा है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन आज नहीं तो कल जरूर आयोजित किया जाएगा। इसके लिए पार्टी दोबारा हाईकोर्ट की शरण लेगी। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग और हाईकोर्ट के समक्ष प्रशासन की कथित पक्षपातपूर्ण कार्यप्रणाली का मुद्दा उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि एसडीपीआई भारत निर्वाचन आयोग में पंजीकृत राजनीतिक दल है। पिछले जिला पंचायत चुनाव में पार्टी ने शामली जनपद में मजबूती से चुनाव लड़ा था और दो सीटों पर जीत हासिल की थी। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रदेश के साथ शामली जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी। प्रदेश स्तर पर 20 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है,जिनमें शामली विधानसभा की तीनों सीटें शामली है।डा. सरवर ने कहा कि पार्टी किसी भी दबाव में नहीं आएगी। कार्यकर्ता संघर्षशील हैं और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।
प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष इसरार खान समेत पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
