
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम : वन अधिकार अधिनियम, 2006 के तहत वन क्षेत्रों में रहने वाले योग्य आदिवासी परिवारों को भूमि स्वामित्व प्रदान करने के उद्देश्य से आज असम के कामरूप जिले के एकीकृत जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कमलपुर विधानसभा से विधायक दिगन्त कलिता, बको-छयगांव विधानसभा से विधायक राजू मेश, हाजो-शुवालकुशी विधानसभा से विधायक प्रकाश चंद्र दास तथा कामरूप के जिला आयुक्त देव कुमार मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को औपचारिक रूप से भूमि स्वत्व-पत्र प्रदान किए गए। इस पहल का उद्देश्य वन अधिकार अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुसार योग्य लाभार्थियों के वन अधिकारों की मान्यता और स्वत्व-पत्र प्रदान करने की प्रक्रिया को तीव्र करना है। कार्यक्रम में शिंगरा वन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली तीन वन अधिकार समितियों (Forest Rights Committee – FRC) के योग्य लाभार्थियों को कुल 18 स्वत्व-पत्र वितरित किए गए। वितरित किए गए 18 स्वत्व-पत्रों में से गोहालकोना-बुराबुरी FRC के 10 लाभार्थियों, सिजुबाड़ी FRC के 5 लाभार्थियों और भोगदाबाड़ी FRC के 3 लाभार्थियों को स्वत्व-पत्र प्रदान किए गए। समारोह में जिला विकास आयुक्त गर्ग मोहन दास, अतिरिक्त जिला आयुक्त आदित्य गोगोई , प्रांजित कुमार देव, विश्वजीत सैकिया और देवाशिष गोस्वामी भी उपस्थित थे। इसी प्रकार कामरूप पश्चिम वन संमंडल के विभागीय वन अधिकारी तथा जिला प्रशासन और संबंधित वन अधिकार समितियों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। अधिकारीयों ने कहा कि इस प्रकार के वितरण से स्थानीय समुदायों के अधिकारों की सुरक्षा होगी और वन अधिकारों की मान्यता से प्रभावित परिवारों के सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने आगे भी शीघ्रता से शेष योग्य लाभार्थियों को उनके हक़ दिलाने के लिए अभियान जारी रखने का आश्वासन दिया।



