दुर्गापूजा को लेकर नगर परिषद बोर्ड की 5 अक्टूबर को होगी विशेष बैठक
A special meeting of the Municipal Council Board regarding Durga Puja will be held on October 5.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। शारदीय नवरात्र एवं दुर्गापूजा को लेकर पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छता, पथ प्रकाश, पेयजलापूर्ति और अन्य नागरिक सुविधाओं की तैयारी को लेकर 5 अक्टूबर को नगर परिषद बोर्ड की विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक अपराह्न 3 बजे नगर परिषद सभागार में होगी। नगर परिषद उपाध्यक्ष राणा ओझा की पहल एवं विभिन्न वार्डों के पार्षदों के आग्रह पर आयोजित बैठक में पूजा पंडालों व आसपास की सफाई, नियमित कचरा उठाव, नालियों की सफाई, स्ट्रीट लाइट और पेयजल व्यवस्था पर विशेष चर्चा होगी। नगर क्षेत्र में करीब 24 स्थानों पर दुर्गापूजा का आयोजन होता है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उपाध्यक्ष राणा ओझा ने कहा कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पूजा स्थलों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने पर भी बैठक में निर्णय लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि समय रहते सभी तैयारियां पूरी कर दुर्गोत्सव को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने का प्रयास किया जायेगा।



