जामताड़ा
जनता का विश्वास और पक्का इरादा
करमाटांड़ के भाग-4 में दो साल पुरानी नाली जाम की समस्या का हुआ समाधान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा : जनसेवा केवल वादा नहीं, जिम्मेदारी है” इसी सोच के साथ युवा नेता और जिला परिषद चुनाव के संभावित प्रत्याशी केल्विन जॉन हेम्ब्रम लगातार क्षेत्र की समस्याओं के समाधान में जुटे हैं। इसी क्रम में आज नेशनल एकेडमी से टेकवा तालाब तक लंबे समय से जाम पड़ी नाली की व्यापक साफ-सफाई का कार्य शुरू कराया गया।
दो साल से थी जल निकासी की गंभीर समस्या
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले दो वर्षों से नाली में कचरा और गंदगी जमा होने के कारण गंदे पानी की निकासी पूरी तरह बाधित थी। इस गंभीर समस्या से आजिज आकर श्री राजेंद्र मंडल जी, श्री पप्पू मंडल जी, देसी स्कूल के श्री सत्य राम जी एवं अन्य स्थानीय नागरिकों ने केल्विन जॉन हेम्ब्रम को मौके पर बुलाकर जमीनी हकीकत से अवगत कराया था। लोगों की परेशानी को स्वयं देखने के बाद उन्होंने जल्द से जल्द नाली की सफाई करवाने का आश्वासन दिया था।
10 मजदूरों की टीम ने संभाला मोर्चा
दिए गए आश्वासन को पूरा करते हुए आज 10 मजदूरों की विशेष टीम लगाकर पूरी नाली की युद्धस्तर पर सफाई शुरू कराई गई। इसके साथ ही, क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही बिजली की समस्या का भी उन्होंने संज्ञान लिया और उसके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक पहल शुरू कर दी है। नागरिकों का कहना है कि नियमित साफ-सफाई न होने के कारण यह समस्या लाइलाज बनती जा रही थी, लेकिन अब राहत की सांस ली है।
विकास के पथ पर निरंतर प्रयास
केल्विन जॉन हेम्ब्रम का स्पष्ट मानना है कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकारी संसाधनों का उपयोग पूरी पारदर्शिता और जनता की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखकर होना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि वे भविष्य में भी सड़क, नाली, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और युवाओं के उत्थान से जुड़ी हर समस्या के समाधान के लिए जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।
आपकी समस्या — हमारी जिम्मेदारी।




