बाराबंकी

एमएलसी निर्वाचन की तैयारियों को लेकर डीएम ने नोडल एवं अपर नोडल अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बाराबंकी। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचन की घोषणा के दृष्टिगत आगामी 23 अक्टूबर, 2026 को होने वाले मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में नामित नोडल एवं अपर नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्वाचन तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। जिलाधिकारी ने विभिन्न निर्वाचन कार्यों के लिए नामित अधिकारियों से उनके दायित्वों के संबंध में अब तक की गई तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि निर्वाचन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयावधि में पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी एसओपी एवं दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक कार्य में समयबद्धता, पारदर्शिता एवं समन्वय का विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में मतदान कार्मिकों, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण, यातायात व्यवस्था, वाहनों की उपलब्धता एवं रूट चार्ट, मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं, निर्वाचन सामग्री की छपाई, पैकिंग एवं पोलिंग स्टेशनवार बंडलिंग, बैलेट बॉक्स एवं निर्वाचन सामग्री के वितरण तथा मतदान के पश्चात सामग्री जमा कराने की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इसके साथ ही गोपनीय अभिलेखों एवं सील्ड मतपेटिकाओं की सुरक्षित जमा एवं परिवहन व्यवस्था, प्रेक्षकों के ठहरने, वाहन एवं सुरक्षा व्यवस्था, मतदान कार्मिकों को आवश्यक सुविधाएं, चिकित्सा व्यवस्था, निर्वाचन संबंधी सांख्यिकीय सूचनाओं का समयबद्ध प्रेषण, मतदान केंद्रों पर आदर्श आचार संहिता का अनुपालन, मतदाता सूची की प्रतियां तैयार कराने तथा प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी नोडल अधिकारी अपने-अपने दायित्वों की नियमित रूप से मॉनिटरिंग करते हुए संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय बनाए रखें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा विलंब न होने दें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से संबंधित व्यवस्थाओं को भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों एवं एसओपी के अनुरूप पूर्ण किया जाए, ताकि मतदान दिवस पर किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। बैठक में उप जिलानिर्वाचन अधिकारी/एडीएम(वि/रा) श्री निरंकार सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री राजकुमार यादव सहित विभिन्न निर्वाचन कार्यों के लिए नामित नोडल एवं अपर नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button