जामताड़ा
खेल और अनुशासन से ही संवरता है युवाओं का भविष्य: केल्विन जॉन हेम्ब्रम
काबरी सरजोमडी उदयपुर में जूनियर फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन, विजेता टीमों को किया गया सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उदयपुर: ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ाने के उद्देश्य से काबरी सरजोमडी उदयपुर में जूनियर बालक फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में केल्विन जॉन हेम्ब्रम और उनकी धर्मपत्नी, ‘Bright Future Education & Health Mission Trust’ की सचिव, शिक्षिका एवं फार्मासिस्ट श्रीमती सुनीता हेम्ब्रम जी को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था।
युवाओं का हौसला बढ़ाने के लिए अतिथियों ने टूर्नामेंट आयोजन समिति को फुटबॉल, फुटबॉल जर्सी, विजेता व उपविजेता ट्रॉफी के साथ-साथ ₹3,000 की नकद पुरस्कार राशि भेंट की। केल्विन जॉन हेम्ब्रम को एक आवश्यक बैठक के कारण बीच में ही लौटना पड़ा, लेकिन श्रीमती सुनीता हेम्ब्रम कार्यक्रम के अंत तक डटी रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता-उपविजेता टीमों को अपने हाथों से ट्रॉफी प्रदान की।
प्रतिभाओं को सही मार्गदर्शन की जरूरत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यदि ग्रामीण बच्चों को उचित अवसर और संसाधन मिलें, तो वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं। खेलकूद केवल जीत-हार का खेल नहीं है, बल्कि यह बच्चों में अनुशासन, कड़ी मेहनत, टीम भावना, आत्मविश्वास और आपसी एकता जैसे गुणों का विकास करता है।
समापन अवसर पर सभी विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई दी गई। साथ ही, टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को संदेश दिया गया कि वे हार से निराश न हों और जीत के बाद रुकें नहीं, बल्कि निरंतर अभ्यास करते रहें।
आयोजकों और ग्रामीणों का जताया आभार
केल्विन जॉन हेम्ब्रम और श्रीमती सुनीता हेम्ब्रम ने काबरी सरजोमडी उदयपुर के समस्त ग्रामीणों, युवाओं और टूर्नामेंट के आयोजकों का गर्मजोशी से स्वागत करने व स्नेह देने के लिए हृदय से धन्यवाद किया। अंत में यह विश्वास दिलाया गया कि शिक्षा हो या खेल, ग्रामीण युवाओं की प्रतिभा को निखारने के लिए उनका सहयोग और प्रयास भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।




