पाकुड़ में इंडिया गठबंधन की प्रेस वार्ता, 8 अक्टूबर को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मार्च का ऐलान
INDIA bloc press conference in Pakur; march against Gyanesh Kumar announced for October 8.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिला कांग्रेस कार्यालय में इंडिया गठबंधन के घटक दलों की संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, प्रदेश कोऑर्डिनेटर उदय लखवानी एवं आरजेडी के पाकुड़ जिला अध्यक्ष महावीर मड़ैया सहित गठबंधन के नेताओं ने मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने के मुद्दे पर केन्द्र सरकार और निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठाए। नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के माध्यम से करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इससे चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं और इसका सीधा लाभ भाजपा को मिलने की आशंका है। इंडिया गठबंधन के नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यशैली का विरोध करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों और मतदाताओं के हितों की रक्षा के लिए इंडिया गठबंधन सड़क से लेकर लोकतांत्रिक मंच तक अपनी आवाज बुलंद करेगा। इसी क्रम में 8 अक्टूबर 2026 को पाकुड़ स्थित शिवू सोरेन चौक से समाहरणालय तक ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध मार्च निकालने की घोषणा की गई। मार्च में कांग्रेस, झामुमो, आरजेडी समेत इंडिया गठबंधन के घटक दलों के कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीकुमार सरकार ने कहा कि नेताप्रतिपक्ष राहुल गांधी को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ धरना प्रदर्शन के दौरान हेरासत में लेना कहीं न कहीं सवालिया निशान उभर कर सामने आ रहा है । नेताओं ने गठबंधन के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से बड़ी संख्या में मार्च में शामिल होने की अपील की। प्रेस वार्ता के दौरान नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने जैसे गंभीर मुद्दों पर पारदर्शिता सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा हो सके। इस दौरान प्रखण्ड अध्यक्ष मानसारुल हक, जिला उपाध्यक्ष असद हुसैन, जिला अध्यक्ष प्रमोद डोकानिया, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष शाहीन परवेज, ओबीसी जिला अध्यक्ष अमीर हमजा उर्फ मिस्टर शेख, पप्पू गंगवानी, ए. गांगुली, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष बेलाल शेख, सेमिनूल इस्लाम व कृष्णा यादव , सेलिम मानसुरी, नजरुल अंसारी अन्य शामिल थे।



