उपासना मरांडी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह, भवानीपुर ने जीता गेन्दरेच् बॉल प्रतियोगिता का खिताब
Upasana Marandi boosted the players' morale; Bhawanipur won the Gendrech Ball competition title.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के महेशपुर प्रखण्ड के जयनगरा पंचायत अन्तर्गत नारायणपुर फुटबॉल मैदान में तीर-धनुष क्लब, नारायणपुर के सौजन्य से आयोजित तीन दिवसीय गेन्दरेच् बॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांचक अंदाज में संपन्न हुआ। फाइनल समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो केंद्रीय समिति की सदस्य उपासना मरांडी एवं केंद्रीय समिति सदस्य पिंकु शेख शामिल हुए। आयोजकों ने मुख्य अतिथियों का पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान ढोल-नगाड़े एवं मांदर की थाप पर आदिवासी नृत्य प्रस्तुत किया गया तथा अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। फाइनल मुकाबला भवानीपुर और चोपोक् टोला की टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में भवानीपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक गोल से जीत दर्ज की और प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। विजेता टीम भवानीपुर को मुख्य अतिथि उपासना मरांडी ने 25 हजार रुपये नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं, उपविजेता चोपोक् टोला की टीम को पिंकु शेख ने 20 हजार रुपये नगद पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों एवं दर्शकों को संबोधित करते हुए उपासना मरांडी ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण और अनुशासन का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। खेलों से युवाओं का मानसिक एवं शारीरिक विकास होता है। साथ ही उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है। इसलिए सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ते हुए निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उपासना मरांडी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी और कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए इस तरह के आयोजन लगातार होते रहने चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों से अपनी प्रतिभा को निखारने और भविष्य में झारखंड के साथ-साथ देश का नाम रोशन करने की अपील की। मौके पर रद्दीपुर ओपी प्रभारी सुरेश प्रसाद, युवा मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष बाबुधन मुर्मू उर्फ डॉन, लक्ष्मण मरांडी, राजेंद्र हांसदा, ललित हेंब्रम, साहेबराम मुर्मू, नसीर शेख, स्टीफन हांसदा, जनता हांसदा, देवेन हेंब्रम, फिलीमान हेंब्रम, क्लब अध्यक्ष राजेश मुर्मू, सचिव फिलिप हांसदा सहित अन्य झामुमो कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।



