
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
औरंगाबाद बुलंदशहर संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखावटी पर गुरुवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर के उपरांत आशाओं ने रैली निकाल कर आमजन को मौसमी बीमारियों और साफ़ सफाई के लिए जागरूक किया।
रैली का शुभारंभ अस्पताल अधीक्षक डॉ हरेंद्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली अस्पताल से शुरू होकर आसपास के क्षेत्रों में होती हुई पुनः अस्पताल पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में शामिल आशाओं ने सफाई अपनाओ बीमारी भगाओ जैसे नारे बुलंद करते हुए जनजागरण अभियान चलाया।
एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में अस्पताल अधीक्षक डॉ हरेंद्र सिंह, डॉ हितेश कुमार डॉ तहसीन रज़ा डॉ प्रशांत शर्मा डॉ आकाश त्यागी बीसीपीएम अंजलि बंसल ने आशाओं को दस्तक और संचारी रोगों के लक्षण बचाव रोकथाम और आवश्यक उपचार आदि की जानकारी दी। आशा कार्यकर्ताओं से घर घर जाकर बुखार के रोगियों,क्षय रोग के लक्षण वाले व्यक्तियों और कुपोषित बच्चों को चिन्हित किए जाने के निर्देश दिए। डॉ हितेश कुमार ने जलभराव और गंदगी के कारण मच्छर पनपने की जानकारी देते हुए कहा कि मच्छरों से डेंगू मलेरिया आदि रोग पनपते हैं जिनसे बचाव हेतु जागरुकता बेहद जरूरी है बीसीपीएम अंजलि बंसल ने आशाओं को सर्वे के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां और डेटा संकलन की विस्तृत जानकारी दी। अस्पताल अधीक्षक डॉ हरेंद्र सिंह ने ग्रामीणों से स्वास्थ्य विभाग की टीम का सहयोग करने और किसी भी प्रकार के बुखार को नजरंदाज नहीं करने और तुरंत सरकारी अस्पताल में इलाज कराने की अपील की। कार्यक्रम को सफल बनाने में समस्त स्टाफ सहयोगी रहा।



